तुम मिरी ज़िंदगी में आई हो मेरा इक पाँव जब रिकाब में है दिल की धड़कन है डूबने के क़रीब साँस हर लहजा पेच-ओ-ताब में है टूटते बे-ख़रोश तारों की आख़िरी कपकपी रुबाब में है कोई मंज़िल न जादा-ए-मंज़िल रास्ता गुम किसी सराब में है तुम को चाहा किया ख़यालों में तुम को पाया भी जैसे ख़्वाब में है तुम मिरी ज़िंदगी में आई हो मेरा इक पाँव जब रिकाब में है मैं सोचता था कि तुम आओगी तुम्हें पा कर मैं इस जहान के दुख-दर्द भूल जाऊँगा गले में डाल के बाँहें जो झूल जाओगी मैं आसमान के तारे भी तोड़ लाऊँगा तुम एक बेल की मानिंद बढ़ती जाओगी न छू सकेंगी हवादिस की आँधियाँ तुम को मैं अपनी जान पे सौ आफ़तें उठा लूँगा छुपा के रक्खूँगा बाँहों के दरमियाँ तुम को मगर मैं आज बहुत दूर जाने वाला हूँ बस और चंद नफ़स को तुम्हारे पास हूँ मैं तुम्हें जो पा के ख़ुशी है तुम उस ख़ुशी पे न जाओ तुम्हें ये इल्म नहीं किस क़दर उदास हूँ मैं क्या तुम को ख़बर इस दुनिया की क्या तुम को पता इस दुनिया का मासूम दिलों को दुख देना शेवा है इस दुनिया का ग़म अपना नहीं ग़म इस का है कल जाने तुम्हारा क्या होगा परवान चढ़ोगी तुम कैसे जीने का सहारा क्या होगा आओ कि तरसती बाँहों में इक बार तो तुम को भर लूँ मैं कल तुम जो बड़ी हो जाओगी जब तुम को शुऊर आ जाएगा कितने ही सवालों का धारा एहसास से टकरा जाएगा सोचोगी कि दुनिया तबक़ों में तक़्सीम है क्यूँँ ये फेर है क्या इंसान का इंसाँ बैरी है ये ज़ुल्म है क्या अंधेर है क्या ये नस्ल है क्या ये ज़ात है क्या ये नफ़रत की ता'लीम है क्यूँँ दौलत तो बहुत है मुल्कों में दौलत की मगर तक़्सीम है क्यूँँ तारीख़ बताएगी तुम को इंसाँ से कहाँ पर भूल हुई सरमाए के हाथों लोगों की किस तरह मोहब्बत धूल हुई सदियों से बराबर मेहनत-कश हालात से लड़ते आए हैं छाई है जो अब तक धरती पर उस रात से लड़ते आए हैं दुनिया से अभी तक मिट न सका पर राज इजारा-दारी का ग़ुर्बत है वही अफ़्लास वही रोना है वही बेकारी का मेहनत की अभी तक क़द्र नहीं मेहनत का अभी तक मोल नहीं ढूँडे नहीं मिलतीं वो आँखें जो आँखें हो कश्कोल नहीं सोचा था कि कल इस धरती पर इक रंग नया छा जाएगा इंसान हज़ार बरसों की मेहनत का समर पा जाएगा जीने का बराबर हक़ सब को जब मिलता वो पल आ न सका जिस कल की ख़ातिर जीते-जी मरते रहे वो कल आ न सका लेकिन ये लड़ाई ख़त्म नहीं ये जंग न होगी बंद कभी सौ ज़ख़्म भी खा कर मैदाँ से हटते नहीं जुरअत-मंद कभी वो वक़्त कभी तो आएगा जब दिल के चमन लहराएँगे मर जाऊँ तो क्या मरने से मिरे ये ख़्वाब नहीं मर जाएँगे ये ख़्वाब ही मेरी दौलत हैं ये ख़्वाब तुम्हें दे जाऊँगा इस दहर में जीने मरने के आदाब तुम्हें दे जाऊँगा मुमकिन है कि ये दुनिया की रविश पल भर को तुम्हारा साथ न दे काँटों ही का तोहफ़ा नज़्र करे फूलों की कोई सौग़ात न दे मुमकिन है तुम्हारे रस्ते में हर ज़ुल्म-ओ-सितम दीवार बने सीने में दहकते शो'ले हों हर साँस कोई आज़ार बने ऐसे में न खुल कर रह जाना अश्कों से न आँचल भर लेना ग़म आप बड़ी इक ताक़त है ये ताक़त बस में कर लेना हो अज़्म तो लौ दे उठता है हर ज़ख़्म सुलगते सीने का जो अपना हक़ ख़ुद छीन सके मिलता है उसे हक़ जीने का लेकिन ये हमेशा याद रहे इक फ़र्द की ताक़त कुछ भी नहीं जो भी हो अकेले इंसाँ से दुनिया की बग़ावत कुछ भी नहीं तन्हा जो किसी को पाएँगे ताक़त के शिकंजे जकड़ेंगे सौ हाथ उठेंगे जब मिल कर दुनिया का गरेबाँ पकड़ेंगे इंसान वही है ताबिंदा उस राज़ से जिस का सीना है औरों के लिए तो जीना ही ख़ुद अपने लिए भी जीना है जीने की हर तरह से तमन्ना हसीन है हर शर के बावजूद ये दुनिया हसीन है दरिया की तुंद बाढ़ भयानक सही मगर तूफ़ाँ से खेलता हुआ तिनका हसीन है सहरा का हर सुकूत डराता रहे तो क्या जंगल को काटता हुआ रस्ता हसीन है दिल को हिलाए लाख घटाओं की घन-गरज मिट्टी पे जो गिरा है वो क़तरा हसीन है दहशत दिला रही हैं चटानें तो क्या हुआ पत्थर में जो सनम है वो कितना हसीन है रातों की तीरगी है जो पुर-हौल ग़म नहीं सुब्हों का झाँकता हुआ चेहरा हसीन है हों लाख कोहसार भी हाएल तो क्या हुआ पल पल चमक रहा है जो तेशा हसीन है लाखों सऊबतों का अगर सामना भी हो हर ज़ोहद हर अमल का तक़ाज़ा हसीन है चमन से चंद ही काँटे मैं चुन सका लेकिन बड़ी है बात जो तुम रंग-ए-गुल निखार सको ये दूर दौर-ए-जहाँ काश तुम को रास आए तुम इस ज़मीन को कुछ और भी सँवार सको अमल तुम्हारा ये तौफ़ीक़ दे सके तुम को कि ज़िंदगी का हर इक क़र्ज़ तुम उतार सको सफ़र हयात का आसान हो ही जाता है अगर हो दिल को सहारा किसी की चाहत का वो प्यार जिस में न हो अक़्ल ओ दिल की यक-जेहती किसी तरीक़ से जज़्बा नहीं मोहब्बत का हज़ारों साल में तहज़ीब-ए-जिस्म निखरी है बजा कि जिंस तक़ाज़ा है एक फ़ितरत का तुम्हें कल अपने शरीक-ए-सफ़र को चुनना है वो जिस से तुम को मोहब्बत मिले रिफ़ाक़त भी हज़ार एक हों दो ज़ेहन मुख़्तलिफ़ होंगे ये बात तल्ख़ है लेकिन है ऐन-फ़ितरत भी बहुत हसीन है ज़ेहनी मुफ़ाहमत लेकिन बड़ी अज़ीम है आदर्श की हिफ़ाज़त भी कभी ये गुल भी नज़र को फ़रेब देते हैं हर एक फूल में तमईज़-ए-रंग-ओ-बू रखना ख़याल जिस का गुज़र-गाह-ए-सद-बहाराँ है हर इक क़दम उसी मंज़िल की आरज़ू रखना कोई भी फ़र्ज़ हो ख़्वाहिश से फिर भी बरतर है तमाम उम्र फ़राएज़ की आबरू रखना तुम एक ऐसे घराने की लाज हो जिस ने हर एक दौर को तहज़ीब ओ आगही दी है तमाम मंतिक़ ओ हिकमत तमाम इल्म ओ अदब चराग़ बन के ज़माने को रौशनी दी है जिला-वतन हुए आज़ादी-ए-वतन के लिए मरे तो ऐसे कि औरों को ज़िंदगी दी है ग़म-ए-हयात से लड़ते गुज़ार दी मैं ने मगर ये ग़म है तुम्हें कुछ ख़ुशी न दे पाया वो प्यार जिस से लड़कपन के दिन महक उट्ठें वो प्यार भी मैं तुम्हें दो घड़ी न दे पाया मैं जानता हूँ कि हालात साज़गार न थे मगर मैं ख़ुद को तसल्ली कभी न दे पाया ये मेरी नज़्म मिरा प्यार है तुम्हारे लिए ये शे'र तुम को मिरी रूह का पता देंगे यही तुम्हें मिरे अज़्म ओ अमल की देंगे ख़बर यही तुम्हें मिरी मजबूरियाँ बता देंगे कभी जो ग़म के अँधेरे में डगमगाओगी तुम्हारी राह में कितने दिए जला देंगे अब मिरे पास और वक़्त नहीं साँस हर लहजा इज़्तिराब में है लर्ज़ां लर्ज़ां कोई धुँदलका सा डूबते ज़र्द आफ़्ताब में है मौत को किस लिए हिजाब कहें किस को मालूम क्या हिजाब में है जिस्म-ओ-जाँ का ये आरज़ी रिश्ता कितना मिलता हुआ हुबाब में है आज जो है वो कल नहीं होगा आदमी कौन से हिसाब में है ख़ुद ज़माने बदलते रहते हैं ज़िंदगी सिर्फ़ इंक़लाब में है आओ आँखों में डाल दो आँखें रूह अब नज़'अ के अज़ाब में है थरथराता हुआ तुम्हारा अक्स कब से इस दीदा-ए-पुर-आब में है रौशनी देर से आँखों की बुझी जाती है ठीक से कुछ भी दिखाई नहीं देता मुझ को एक चेहरा मिरे चेहरे पे झुका आता है कौन है ये भी सुझाई नहीं देता मुझ को सिर्फ़ सन्नाटे की आवाज़ चली आती है और तो कुछ भी सुनाई नहीं देता मुझ को आओ उस चाँद से माथे को ज़रा चूम तो लूँ फिर न होगा तुम्हें ये प्यार नसीब आ जाओ आख़िरी लम्हा है सीने पे मिरे सर रख दो दिल की हालत हुई जाती है अजीब आ जाओ न अइज़्ज़ा न अहिब्बा न ख़ुदा है न रसूल कोई इस वक़्त नहीं मेरे क़रीब आ जाओ तुम तो क़रीब आ जाओ!
Related Nazm
उस से मुहब्बत झीलें क्या हैं? उस की आँखें उम्दा क्या है? उस का चेहरा ख़ुश्बू क्या है? उस की साँसें ख़ुशियाँ क्या हैं? उस का होना तो ग़म क्या है? उस सेे जुदाई सावन क्या है? उस का रोना सर्दी क्या है? उस की उदासी गर्मी क्या है? उस का ग़ुस्सा और बहारें? उस का हँसना मीठा क्या है? उस की बातें कड़वा क्या है? मेरी बातें क्या पढ़ना है? उस का लिक्खा क्या सुनना है? उस की ग़ज़लें लब की ख़्वाहिश? उस का माथा ज़ख़्म की ख़्वाहिश? उस का छूना दुनिया क्या है? इक जंगल है और तुम क्या हो? पेड़ समझ लो और वो क्या है? इक राही है क्या सोचा है? उस से मुहब्बत क्या करते हो? उस से मुहब्बत मतलब पेशा? उस से मुहब्बत इस के अलावा? उस से मुहब्बत उस सेे मुहब्बत........
Varun Anand
475 likes
"भली सी एक शक्ल थी" भले दिनों की बात है भली सी एक शक्ल थी न ये कि हुस्न-ए-ताम हो न देखने में आम सी न ये कि वो चले तो कहकशाँ सी रहगुज़र लगे मगर वो साथ हो तो फिर भला भला सफ़र लगे कोई भी रुत हो उस की छब फ़ज़ा का रंग-रूप थी वो गर्मियों की छाँव थी वो सर्दियों की धूप थी न मुद्दतों जुदा रहे न साथ सुब्ह-ओ-शाम हो न रिश्ता-ए-वफ़ा पे ज़िद न ये कि इज़्न-ए-आम हो न ऐसी ख़ुश-लिबासियाँ कि सादगी गिला करे न इतनी बे-तकल्लुफ़ी कि आइना हया करे न इख़्तिलात में वो रम कि बद-मज़ा हों ख़्वाहिशें न इस क़दर सुपुर्दगी कि ज़च करें नवाज़िशें न आशिक़ी जुनून की कि ज़िंदगी अज़ाब हो न इस क़दर कठोर-पन कि दोस्ती ख़राब हो कभी तो बात भी ख़फ़ी कभी सुकूत भी सुख़न कभी तो किश्त-ए-ज़ाफ़राँ कभी उदासियों का बन सुना है एक उम्र है मुआमलात-ए-दिल की भी विसाल-ए-जाँ-फ़ज़ा तो क्या फ़िराक़-ए-जाँ-गुसिल की भी सो एक रोज़ क्या हुआ वफ़ा पे बहस छिड़ गई मैं इश्क़ को अमर कहूँ वो मेरी ज़िद से चिड़ गई मैं इश्क़ का असीर था वो इश्क़ को क़फ़स कहे कि उम्र भर के साथ को वो बद-तर-अज़-हवस कहे शजर हजर नहीं कि हम हमेशा पा-ब-गिल रहें न ढोर हैं कि रस्सियाँ गले में मुस्तक़िल रहें मोहब्बतों की वुसअतें हमारे दस्त-ओ-पा में हैं बस एक दर से निस्बतें सगान-ए-बा-वफ़ा में हैं मैं कोई पेंटिंग नहीं कि इक फ़्रेम में रहूँ वही जो मन का मीत हो उसी के प्रेम में रहूँ तुम्हारी सोच जो भी हो मैं उस मिज़ाज की नहीं मुझे वफ़ा से बैर है ये बात आज की नहीं न उस को मुझ पे मान था न मुझ को उस पे ज़ोम ही जो अहद ही कोई न हो तो क्या ग़म-ए-शिकस्तगी सो अपना अपना रास्ता हँसी-ख़ुशी बदल दिया वो अपनी राह चल पड़ी मैं अपनी राह चल दिया भली सी एक शक्ल थी भली सी उस की दोस्ती अब उस की याद रात दिन नहीं, मगर कभी कभी
Ahmad Faraz
111 likes
''चल आ एक ऐसी नज़्म कहूँ'' चल आ एक ऐसी नज़्म कहूँ जो लफ़्ज़ कहूँ वो हो जाए बस अश्क कहूँ तो एक आँसू तेरे गोरे गाल को धो जाए मैं आ लिक्खूँ तू आ जाए मैं बैठ लिक्खूँ तू आ बैठे मेरे शाने पर सर रक्खे तू मैं नींद कहूँ तू सो जाए मैं काग़ज़ पर तेरे होंठ लिक्खूँ तेरे होंठों पर मुस्कान आए मैं दिल लिक्खूँ तू दिल था में मैं गुम लिक्खूँ वो खो जाए तेरे हाथ बनाऊँ पेंसिल से फिर हाथ पे तेरे हाथ रखूँ कुछ उल्टा सीधा फ़र्ज़ करूँँ कुछ सीधा उल्टा हो जाए मैं आह लिखूँ तू हाए करे बेचैन लिखूँ बेचैन हो तू फिर बेचैन का बे काटूँ तुझे चैन ज़रा सा हो जाए अभी ऐन लिखूँ तू सोचे मुझे फिर शीन लिखूँ तेरी नींद उड़े जब क़ाफ़ लिखूँ तुझे कुछ कुछ हो मैं इश्क़ लिखूँ तुझे हो जाए
Amir Ameer
295 likes
"हम मिलेंगे कहीं" हम मिलेंगे कहीं अजनबी शहर की ख़्वाब होती हुई शाहराओं पे और शाहराओं पे फैली हुई धूप में एक दिन हम कहीं साथ होगे वक़्त की आँधियों से अटी साहतों पर से मिट्टी हटाते हुए एक ही जैसे आँसू बहाते हुए हम मिलेंगे घने जंगलो की हरी घास पर और किसी शाख़-ए-नाज़ुक पर पड़ते हुए बोझ की दास्तानों में खो जाएँगे हम सनोबर के पेड़ों की नोकीले पत्तों से सदियों से सोए हुए देवताओं की आँखें चभो जाएँगे हम मिलेंगे कहीं बर्फ़ के बाजुओं में घिरे पर्वतों पर बाँझ क़ब्रो में लेटे हुए कोह पेमाओं की याद में नज़्म कहते हुए जो पहाड़ों की औलाद थे, और उन्हें वक़्त आने पर माँ बाप ने अपनी आग़ोश में ले लिया हम मिलेंगे कही शाह सुलेमान के उर्स में हौज़ की सीढियों पर वज़ू करने वालो के शफ़्फ़ाफ़ चेहरों के आगे संगेमरमर से आरस्ता फ़र्श पर पैर रखते हुए आह भरते हुए और दरख़्तों को मन्नत के धागो से आज़ाद करते हुए हम मिलेंगे हम मिलेंगे कहीं नार मेंडी के साहिल पे आते हुए अपने गुम गश्तरश्तो की ख़ाक-ए-सफ़र से अटी वर्दियों के निशाँ देख कर मराकिस से पलटे हुए एक जर्नेल की आख़िरी बात पर मुस्कुराते हुए इक जहाँ जंग की चोट खाते हुए हम मिलेंगे हम मिलेंगे कहीं रूस की दास्ताओं की झूठी कहानी पे आँखों में हैरत सजाए हुए, शाम लेबनान बेरूत की नरगिसी चश्मूरों की आमद के नोहू पे हँसते हुए, ख़ूनी कज़ियो से मफ़लूह जलबानियाँ के पहाड़ी इलाक़ों में मेहमान बन कर मिलेंगे हम मिलेंगे एक मुर्दा ज़माने की ख़ुश रंग तहज़ीब में ज़स्ब होने के इमकान में इक पुरानी इमारत के पहलू में उजड़े हुए लाँन में और अपने असीरों की राह देखते पाँच सदियों से वीरान ज़िंदान में हम मिलेंगे तमन्नाओं की छतरियों के तले, ख़्वाहिशों की हवाओं के बेबाक बोसो से छलनी बदन सौंपने के लिए रास्तों को हम मिलेंगे ज़मीं से नमूदार होते हुए आठवें बर्रे आज़म में उड़ते हुए कालीन पर हम मिलेंगे किसी बार में अपनी बकाया बची उम्र की पायमाली के जाम हाथ में लेंगे और एक ही घूंट में हम ये सैयाल अंदर उतारेंगे और होश आने तलक गीत गायेंगे बचपन के क़िस्से सुनाता हुआ गीत जो आज भी हम को अज़बर है बेड़ी बे बेड़ी तू ठिलदी तपईये पते पार क्या है पते पार क्या है? हम मिलेंगे बाग़ में, गाँव में, धूप में, छाँव में, रेत में, दश्त में, शहर में, मस्जिदों में, कलीसो में, मंदिर में, मेहराब में, चर्च में, मूसलाधार बारिश में, बाज़ार में, ख़्वाब में, आग में, गहरे पानी में, गलियों में, जंगल में और आसमानों में कोनो मकाँ से परे गैर आबद सैयाराए आरज़ू में सदियों से ख़ाली पड़ी बेंच पर जहाँ मौत भी हम से दस्तो गरेबाँ होगी, तो बस एक दो दिन की मेहमान होगी
Tehzeeb Hafi
236 likes
"याद है पहले रोज़ कहा था" याद है पहले रोज़ कहा था फिर न कहना ग़लती दिल की प्यार समझ के करना लड़की प्यार निभाना होता है फिर पार लगाना होता है याद है पहले रोज़ कहा था साथ चलो तो पूरे सफ़र तक मर जाने की अगली ख़बर तक समझो यार ख़ुदा तक होगा सारा प्यार वफ़ा तक होगा फिर ये बंधन तोड़ न जाना छोड़ गए तो फिर न आना छोड़ दिया जो तेरा नहीं है चला गया जो मेरा नहीं है याद है पहले रोज़ कहा था या तो टूट के प्यार न करना या फिर पीठ पे वार न करना जब नादानी हो जाती है नई कहानी हो जाती है नई कहानी लिख लाऊँगा अगले रोज़ मैं बिक जाऊँगा तेरे गुल जब खिल जाएँगे मुझ को पैसे मिल जाएँगे याद है पहले रोज़ कहा था बिछड़ गए तो मौज उड़ाना वापस मेरे पास न आना जब कोई जा कर वापस आए रोए तड़पे या पछताए मैं फिर उस को मिलता नहीं हूँ साथ दोबारा चलता नहीं हूँ गुम जाता हूँ खो जाता हूँ मैं पत्थर का हो जाता हूँ
Khalil Ur Rehman Qamar
191 likes
More from Jaan Nisar Akhtar
फ़ज़ाओं में है सुब्ह का रंग तारी गई है अभी गर्ल्स कॉलेज की लारी गई है अभी गूँजती गुनगुनाती ज़माने की रफ़्तार का राग गाती लचकती हुई सी छलकती हुई सी बहकती हुई सी महकती हुई सी वो सड़कों पे फूलों की धारी सी बनती इधर से उधर से हसीनों को चुनती झलकते वो शीशों में शादाब चेहरे वो कलियाँ सी खुलती हुई मुँह अंधेरे वो माथे पे साड़ी के रंगीं किनारे सहरस निकलती शफ़क़ के इशारे किसी की अदास अयाँ ख़ुश-मज़ाक़ी किसी की निगाहों में कुछ नींद बाक़ी किसी की नज़र में मोहब्बत के दोहे सखी री ये जीवन पिया बिन न सोहे ये खिड़की का रंगीन शीशा गिराए वो शीशे से रंगीन चेहरा मिलाए ये चलती ज़मीं पे निगाहें जमाती वो होंटों में अपने क़लम को दबाती ये खिड़की से इक हाथ बाहर निकाले वो ज़ानू पे गिरती किताबें सँभाले किसी को वो हर बार तेवरी सी चढ़ती दुकानों के तख़्ते अधूरे से पढ़ती कोई इक तरफ़ को सिमटती हुई सी किनारे को साड़ी के बटती हुई सी वो लारी में गूँजे हुए ज़मज़ में से दबी मुस्कुराहट सुबुक क़हक़हे से वो लहजों में चाँदी खनकती हुई सी वो नज़रों से कलियाँ चटकती हुई सी सरों से वो आँचल ढलकते हुए से वो शानों से साग़र छलकते हुए से जवानी निगाहों में बहकी हुई सी मोहब्बत तख़य्युल में बहकी हुई सी वो आपस की छेड़ें वो झूटे फ़साने कोई उन की बातों को कैसे न माने फ़साना भी उन का तराना भी उन का जवानी भी उन की ज़माना भी उन का
Jaan Nisar Akhtar
0 likes
तेरी पेशानी-ए-रंगीं में झलकती है जो आग तेरे रुख़्सार के फूलों में दमकती है जो आग तेरे सीने में जवानी की दहकती है जो आग ज़िंदगी की ये हसीं आग मुझे भी दे दे तेरी आँखों में फ़रोज़ाँ हैं जवानी के शरार लब-ए-गुल-रंग पे रक़्साँ हैं जवानी के शरार तेरी हर साँस में ग़लताँ हैं जवानी के शरार ज़िंदगी की ये हसीं आग मुझे भी दे दे हर अदा में है जवाँ आतिश-ए-जज़्बात की रौ ये मचलते हुए शो'ले ये तड़पती हुई लौ आ मिरी रूह पे भी डाल दे अपना परतव ज़िंदगी की ये हसीं आग मुझे भी दे दे कितनी महरूम निगाहें हैं तुझे क्या मालूम कितनी तरसी हुई बाहें हैं तुझे क्या मालूम कैसी धुँदली मिरी राहें हैं तुझे क्या मालूम ज़िंदगी की ये हसीं आग मुझे भी दे दे आ कि ज़ुल्मत में कोई नूर का सामाँ कर लूँ अपने तारीक शबिस्ताँ को शबिस्ताँ कर लूँ इस अँधेरे में कोई शम्अ' फ़रोज़ाँ कर लूँ ज़िंदगी की ये हसीं आग मुझे भी दे दे बार-ए-ज़ुल्मात से सीने की फ़ज़ा है बोझल न कोई साज़-ए-तमन्ना न कोई सोज़-ए-अमल आ कि मशअल से तिरी मैं भी जला लूँ मशअल ज़िंदगी की ये हसीं आग मुझे भी दे दे
Jaan Nisar Akhtar
0 likes
जून का तपता महीना तिम्तिमाता आफ़्ताब ढल चुका है दिन के साँचे में जहन्नम का शबाब दोपहर इक आतिश-ए-सय्याल बरसाती हुई सीना-ए-कोहसार में लावा सा पिघलाती हुई वो झुलसती घास वो पगडंडियाँ पामाल सी नहर के लब ख़ुश्क से ज़र्रों की आँखें लाल सी चिलचिलाती धूप में मैदान को चढ़ता बुख़ार आह के मानिंद उठता हल्का हल्का सा ग़ुबार देख वो मैदान में है इक बगूला बे-क़रार आँधियों की गोद में हो जैसे मुफ़लिस का मज़ार चाक पर जैसे बनाए जा रहे हों ज़लज़ले या जुनूँ तय कर रहा हो गर्दिशों के मरहले ढालना चाहे ज़मीं जिस तरह कोई आसमाँ जैसे चक्कर खा के निकले तोप के मुँह से धुआँ मिल रहा हो जिस तरह जोश-ए-बग़ावत को फ़राग़ जंग छिड़ जाने पे जैसे एक लीडर का दिमाग़ ख़शमगीं अबरू पे डाले ख़ाक-आलूदा नक़ाब जंगलों की राह से आए सफ़ीर-ए-इंक़लाब यूँँ बगूले में हैं तपते सुर्ख़ ज़र्रे बे-क़रार जिस तरह अफ़्लास के दिल में बग़ावत के शरार कस क़दर आज़ाद है ये रूह-ए-सहरा ये भी देख कस तरह ज़र्रों में है तूफ़ान बरपा ये भी देख उठ बगूले की तरह मैदान में गाता निकल ज़िंदगी की रूह हर ज़र्रे में दौड़ाता निकल
Jaan Nisar Akhtar
0 likes
लखनऊ मेरे वतन मेरे चमन-ज़ार वतन तेरे गहवारा-ए-आग़ोश में ऐ जान-ए-बहार अपनी दुनिया-ए-हसीं दफ़्न किए जाता हूँ तू ने जिस दिल को धड़कने की अदा बख़्शी थी आज वो दिल भी यहीं दफ़्न किए जाता हूँ दफ़्न है देख मिरा अहद-ए-बहाराँ तुझ में दफ़्न है देख मिरी रूह-ए-गुलिस्ताँ तुझ में मेरी गुल-पोश जवाँ-साल उमंगों का सुहाग मेरी शादाब तमन्ना के महकते हुए ख़्वाब मेरी बेदार जवानी के फ़िरोज़ाँ मह ओ साल मेरी शामों की मलाहत मिरी सुब्हों का जमाल मेरी महफ़िल का फ़साना मिरी ख़ल्वत का फ़ुसूँ मेरी दीवानगी-ए-शौक़ मिरा नाज़-ए-जुनून मेरे मरने का सलीक़ा मिरे जीने का शुऊ'र मेरा नामूस-ए-वफ़ा मेरी मोहब्बत का ग़ुरूर मेरी नब्ज़ों का तरन्नुम मिरे नग़्मों की पुकार मेरे शे'रों की सजावट मिरे गीतों का सिंगार लखनऊ अपना जहाँ सौंप चला हूँ तुझ को अपना हर ख़्वाब-ए-जवाँ सौंप चला हूँ तुझ को अपना सरमाया-ए-जाँ सौंप चला हूँ तुझ को लखनऊ मेरे वतन मेरे चमन-ज़ार वतन ये मिरे प्यार का मदफ़न ही नहीं है तन्हा दफ़्न हैं इस में मोहब्बत के ख़ज़ाने कितने एक उनवान में मुज़्मर हैं फ़साने कितने इक बहन अपनी रिफ़ाक़त की क़सम खाए हुए एक माँ मर के भी सीने में लिए माँ का गुदाज़ अपने बच्चों के लड़कपन को कलेजे से लगाए अपने खिलते हुए मासूम शगूफ़ों के लिए बंद आँखों में बहारों के जवाँ ख़्वाब बसाए ये मिरे प्यार का मदफ़न ही नहीं है तन्हा एक साथी भी तह-ए-ख़ाक यहाँ सोती है अरसा-ए-दहर की बे-रहम कशाकश का शिकार जान दे कर भी ज़माने से न माने हुए हार अपने तेवर में वही अज़्म-ए-जवाँ-साल लिए ये मिरे प्यार का मदफ़न ही नहीं है तन्हा देख इक शम-ए-सर-ए-राह-गुज़र चलती है जगमगाता है अगर कोई निशान-ए-मंज़िल ज़िंदगी और भी कुछ तेज़ क़दम चलती है लखनऊ मेरे वतन मेरे चमन-ज़ार वतन देख इस ख़्वाब-गह-ए-नाज़ पे कल मौज-ए-सबा ले के नौ-रोज़-ए-बहाराँ की ख़बर आएगी सुर्ख़ फूलों का बड़े नाज़ से गूँधे हुए हार कल इसी ख़ाक पे गुल-रंग सहर आएगी कल इसी ख़ाक के ज़र्रों में समा जाएगा रंग कल मिरे प्यार की तस्वीर उभर आएगी ऐ मिरी रूह-ए-चमन ख़ाक-ए-लहद से तेरी आज भी मुझ को तिरे प्यार की बू आती है ज़ख़्म सीने के महकते हैं तिरी ख़ुश्बू से वो महक है कि मिरी साँस घुटी जाती है मुझ से क्या बात बनाएगी ज़माने की जफ़ा मौत ख़ुद आँख मिलाते हुए शरमाती है मैं और इन आँखों से देखूँ तुझे पैवंद-ए-ज़मीं इस क़दर ज़ुल्म नहीं हाए नहीं हाए नहीं कोई ऐ काश बुझा दे मिरी आँखों के दिए छीन ले मुझ से कोई काश निगाहें मेरी ऐ मिरी शम-ए-वफ़ा ऐ मिरी मंज़िल के चराग़ आज तारीक हुई जाती हैं राहें मेरी तुझ को रोऊँ भी तो क्या रोऊँ कि इन आँखों में अश्क पत्थर की तरह जम से गए हैं मेरे ज़िंदगी अर्सा-गह-ए-जोहद-ए-मुसलसल ही सही एक लम्हे को क़दम थम से गए हैं मेरे फिर भी इस अर्सा-गह-ए-जोहद-ए-मुसलसल से मुझे कोई आवाज़ पे आवाज़ दिए जाता है आज सोता ही तुझे छोड़ के जाना होगा नाज़ ये भी ग़म-ए-दौराँ का उठाना होगा ज़िंदगी देख मुझे हुक्म-ए-सफ़र देती है इक दिल-ए-शोला-ब-जाँ साथ लिए जाता हूँ हर क़दम तू ने कभी अज़्म-ए-जवाँ बख़्शा था! मैं वही अज़्म-ए-जवाँ साथ लिए जाता हूँ चूम कर आज तिरी ख़ाक-ए-लहद के ज़र्रे अन-गिनत फूल मोहब्बत के चढ़ाता जाऊँ जाने इस सम्त कभी मेरा गुज़र हो कि न हो आख़िरी बार गले तुझ को लगाता जाऊँ लखनऊ मेरे वतन मेरे चमन-ज़ार वतन देख इस ख़ाक को आँखों में बसा कर रखना इस अमानत को कलेजे से लगा कर रखना
Jaan Nisar Akhtar
0 likes
शिद्दत-ए-इफ़्लास से जब ज़िंदगी थी तुझ पे तंग इश्तिहा के साथ थी जब ग़ैरत ओ इस्मत की जंग घात में तेरी रहा ये ख़ुद-ग़रज़ सरमाया-दार खेलता है जो बराबर नौ-ए-इंसाँ का शिकार रफ़्ता रफ़्ता लूट ली तेरी मता-ए-आबरू ख़ूब चूसा तेरी रग रग से जवानी का लहू खेलते हैं आज भी तुझ से यही सरमाया-दार ये तमद्दुन के ख़ुदा तहज़ीब के परवरदिगार सामने दुनिया के तुफ़ करते हैं तेरे नाम पर ख़ल्वतों में जो तिरे क़दमों पे रख देते हैं सर रास्ते में दिन को ले सकते नहीं तेरा सलाम रात को जो तेरे हाथों से चढ़ा जाते हैं जाम तेरे कूचा से जिन्हें हो कर गुज़रना है गुनाह गर्म उन की साँस से रहती है तेरी ख़्वाब-गाह महफ़िलों में तुझ से कर सकते नहीं जो गुफ़्तुगू तेरे आँचल में बंधी है उन की झूटी आबरू पेट की ख़ातिर अगर तू बेचती है जिस्म आज कौन है नफ़रत से तुझ को देखने वाला समाज
Jaan Nisar Akhtar
0 likes
Similar Writers
Our suggestions based on Jaan Nisar Akhtar.
Similar Moods
More moods that pair well with Jaan Nisar Akhtar's nazm.







